राजगीर में डेढ़ लाख साल पुरानी सभ्यता के मिले प्रमाण

राजगीर 
-बिहार विरासत विकास समिति और नालंदा विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे अध्ययन में राजगीर के टोटल स्टेशन सर्वे के दौरान आदि मानव द्वारा प्रयोग होने वाले हथियार मिले 
-जमुई के पैसरा के बाद बिहार का दूसरा स्थान है राजगीर, जहां पाषाण काल के अवशेष मिले -राजगीर में पुरापाषाण काल से लेकर वर्तमान काल तक का साक्ष्य मिला है
रविशंकर उपाध्याय, पटना.

राजगीर में इतिहास की कई नयी परतें खुल रही है. बिहार विरासत विकास समिति और नालंदा विश्वविद्यालय के द्वारा राजगीर के टोटल स्टेशन सर्वे के दौरान वहां की पंच पहाड़ी पर डेढ़ लाख साल पुरानी सभ्यता के प्रमाण मिले हैं. वहां पुरापाषाण कालीन में आदि मानव द्वारा प्रयुक्त किये जाने वाले औजार पाये गये हैं, जो इस तथ्य की तस्दीक कर रहे हैं. यह वह दौर था जब आदिमानव गुफाओं में रहते थे और इस युग में मनुष्य खेती नहीं करता था बल्कि पत्थरों का प्रयोग कर शिकार करता था.
बिहार विरासत विकास समिति के मुताबिक पंच पहाड़ी पर अध्ययन के दौरान हस्तकुठार यानी हैंडेक्स मिले हैं, यह कई आकार प्रकार के हैं और इससे आदि मानव फलों के साथ मांस आदि को काटने छिलने का काम किया करते थे. पुरातत्वविदों के मुताबिक इस तरह के उपकरण दक्षिण भारत के अतिरमपक्कम, संघनकुल्लू, इनामगांव में मिले हैं. बिहार में अबतक 80 के दशक में जमुई के पैसरा में पाषाण काल के अवशेष मिले थे. इस कड़ी में राजगीर में मिला प्रमाण काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अभी अध्ययन जारी है और उम्मीद है कि ऐसे और तथ्य निकल कर सामने आयेंगे जिससे यह पता चलेगा कि राजगीर ना केवल सबसे पुराने शहरों में से एक रहा है बल्कि यह ऐसी जगह रही है जहां सभ्यता डेढ़ लाख साल से बसती-उजड़ती रही है.
राजगीर में पुरापाषाण काल से लेकर वर्तमान काल तक का साक्ष्य मिला 
बिहार विरासत विकास समिति और नालंदा विश्वविद्यालय के संयुक्त अध्ययन में यह पता चला है कि राजगीर की पंच पहाड़ियों पर पुरापाषाण काल के मानवों ने पेंटिंग भी की थी. औजारों के अलावा इस साक्ष्य को भी प्रमाणिक तौर पर रख लिया गया है. राजगीर के टोटल स्टेशन सर्वे में राजगीर और उसके आसपास के क्षेत्रों को छाेटे छोटे वर्ग में बांट कर पुरातत्विद और इतिहासवेत्ता अध्ययन कर रहे हैं. इसमें अभी ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार का भी प्रयोग होना है, जिसमें जमीन के अंदर रडार के द्वारा अध्ययन होगा. वरिष्ठ पुरातत्वविदों के मुताबिक बिहार में पुरापाषाण काल के अवशेष 80 के दशक के शुरुआती सालों में मृदुला जायसवाल की अगुआई में किये गये उत्खनन में बिहार के जमुई के पैसरा में मिले थे. यदि देश भर की बात की जाये तो तमिलनाडु के कुरनूल, कर्नाटक के हुंस्नगी, ओडिशा के कुलिआना, राजस्थान के डीडवाना के श्रृंगी तालाब के निकट और मध्य प्रदेश के भीमबेटका में पुरापाषाण काल के अवशेष मिले हैं. इन अवशेषों की संख्या मध्य पाषाण काल के प्राप्त अवशेषों से बहुत कम है. इस कारण राजगीर खास है.
बॉक्स: क्या है पुरापाषाण काल?
जिस समय आरंभिक मानव पत्थर का प्रयोग करता था, उस समय को पुरातत्त्वविदों ने पुरापाषाण काल नाम दिया है. यह शब्द प्राचीन और पाषाण (पत्थर) से बना है. यह वह कल था जब मनुष्य ने पत्थरों का प्रयोग सबसे अधिक किया. पुरातत्त्वविदों के अनुसार, पुरापाषाण काल की अवधि बीस लाख साल पूर्व से बारह हजार साल पहले तक है. इस युग को तीन भागों में बांटा गया है- आरंभिक, मध्य और उत्तर पुरापाषाण युग. माना जाता है कि मनुष्य इस युग में सबसे अधिक दिनों तक रहा है. इस युग में मनुष्य खेती नहीं करता था बल्कि पत्थरों का प्रयोग कर शिकार करता था. इस युग में लोग गुफाओं में रहते थे. इस युग में सबसे महत्त्वपूर्ण काम जो मानव ने सीखा, वह था आग को जलाना. आग का उपयोग विभिन्न कार्यों के लिए होने लगा. कुरनूल की गुफाओं में इस युग की राख के अवशेष प्राप्त हुए हैं. इस युग का मनुष्य चित्रकारी करता था जिसका प्रमाण उन गुफाओं से मिलता है जहां वह रहता था.
साइक्लोपियन वॉल
पुरापाषाण काल की सभ्यता: बीस लाख साल पूर्व से बारह हजार साल पहले तक
तमिलनाडु के कुरनूल, कर्नाटक के हुंस्नगी, ओडिशा के कुलिआना, राजस्थान के डीडवाना के श्रृंगी तालाब के निकट और मध्य प्रदेश के भीमबेटका
नव पाषाण काल की सभ्यता: 8000 ईसा पूर्व से 4000 ईसा पूर्व तक
बिहार का चिरांद, दक्षिा भारत का कोल्डिहवा, पैय्यमपल्ली, कश्मीर का बुर्जहोम, पूर्वोत्तर भारत का दाओजलि हेडिंग, पश्चिमी पंजाब का मेहरगढ़
शहरी सभ्यता: 4000 ईसा पूर्व से 2000 ईसा पूर्व
सिंधु घाटी सभ्यता, मोहनजोदड़ो, मध्य भारत सभ्यता
कोट:
राजगीर में डेढ़ लाख साल पुरानी सभ्यता के अवशेष मिले हैं, इसके साथ ही पुरा पाषाण काल से वर्तमान काल के प्रमाण भी हैं. अभी हम राजगीर और उसके आसपास के क्षेत्रों में नालंदा विवि के सहयोग से टोटल स्टेशन सर्वे करा रहे हैं जिसमें कई और तथ्य भी प्रकाश में आयेंगे.
-विजय कुमार चौधरी, कार्यपालक निदेशक, बिहार विरासत विकास समिति
राजगीर में न केवल पुरापाषाण काल बल्कि मध्य पाषाण और नवपाषाण काल के भी साक्ष्य हैं. यह दुनिया के सबसे पहले शहरों में से भी एक है. पहाड़ियों पर बना साइक्लोपियन वॉल भी खास है जिसे शुरुआती शहरी सभ्यता में ही बनाया गया था. यह दुनिया के चुनिंदा दीवारों में से एक है.
-सत्येंद्र कुमार झा, वरिष्ठ पुरातत्वविद सह लेखक राजगृह: द सिटी ऑफ इमिनेंस \B

Comments